सिगरेट का धुआं आपको नहीं, आपके अपनों की खुशियों को जलाता है: डा. एसके
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर निकली जनजागरूकता रैली, 276 लोगों की हुई नि:शुल्क जांच
तेजस टूडे ब्यूरो
जितेन्द्र सिंह चौधरी/अतुल राय
वाराणसी। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी अस्सी द्वारा जनजागरूकता रैली एवं नि:शुल्क फेफड़ा जांच शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ श्वांस एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. पाठक एवं ब्रेथ ईजी की निर्देशिका सुनीता पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली ब्रेथ ईजी चेस्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल अस्सी से प्रारंभ होकर अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस मंच तक पहुंची। इस दौरान युवाओं एवं शहर के सम्मानित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को धूम्रपान, तम्बाकू एवं गुटखा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अन्तर्गत 276 लोगों के फेफड़ों की नि:शुल्क जांच की गई जिसमें 60 प्रतिशत से अधिक लोगों में फेफड़ों की क्षमता में कमी पाई गई। साथ ही सदस्यों द्वारा तम्बाकू सेवन से होने वाले नुकसान संबंधी पुस्तिकाएं एवं जागरूकता पर्चे भी वितरित किए गए। डॉ. एस.के. पाठक ने उपस्थित नागरिकों एवं प्रतिभागियों को तम्बाकू मुक्त जीवन की शपथ दिलाई। साथ ही कहा, “सिगरेट का धुआं केवल धूम्रपान करने वाले व्यक्ति को ही नहीं,बल्कि उसके परिवार और प्रियजनों की खुशियों को भी प्रभावित करता है। तम्बाकू एक धीमा जहर है जो व्यक्ति को धीरे-धीरे गंभीर बीमारियों और मृत्यु की ओर धकेलता है।” विश्व स्तर पर प्रतिवर्ष लाखों लोग धूम्रपान एवं तम्बाकू सेवन के कारण अपनी जान गंवाते हैं। पैसिव स्मोकिंग भी हृदय रोग, श्वांस रोग,अस्थमा एवं फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं का प्रमुख कारण बन रही है।
इस दौरान तम्बाकू से बने उत्पादों जैसे बीड़ी, सिगरेट एवं गुटखा का सांकेतिक दहन करके लोगों से इन घातक आदतों को छोड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली के श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पाठक ने कहा कि धूम्रपान और तम्बाकू की लत अक्सर गलत संगत, सामाजिक दबाव, फिल्मों के प्रभाव तथा कम उम्र में स्वयं को परिपक्व दिखाने की चाह से शुरू होती है जो बाद में गंभीर व्यसन का रूप ले लेती है। इस अवसर पर डॉ. स्वप्निल पाठक, सुनील उपाध्याय, अभिषेक केशरी, अश्वनी पाठक, रतन, विनीत, संजय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

