किसानों के कर्ज माफ करे केन्द्र सरकार: भानु
संगठन विस्तार के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे किसान नेता
कैराना, शामली। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार से किसानों के कर्ज व नलकूपों के बिल माफ करने की मांग की है।
उन्होंने 11 सितंबर तक मांगे पूरी न होने पर लखनऊ में आंदोलन की घोषणा किये जाने की चेतावनी दी है। रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह क्षेत्र के गांव रामड़ा में पहुंचे। जहां पर उन्होंने संगठन विस्तार हेतु आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान गांव रामड़ा के महताब जंग को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा नासिर को प्रदेश महासचिव, सादा को युवा मंडल अध्यक्ष, आदिल को युवा जिलाध्यक्ष बनाया गया। कार्यक्रम के पश्चात ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने देश भर में संगठन विस्तार की मुहिम शुरू की है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा। कहा कि केंद्र की सत्ता में आने से पूर्व प्रधानमंत्री ने देश की जनता के सामने किसानों के कर्ज माफ करने, काला धन वापिस लाने, किसानों की आय दोगुनी करने तथा किसान आयोग का गठन करने की बात कही थी, लेकिन उनके द्वारा कही गई कोई भी बात आज तक पूरी नही हुई। वह सरकार से किसान आयोग का गठन करने, किसानों के कर्ज माफ करने तथा किसान आयोग को फसलों के दाम तय करने का अधिकार दिए जाने की मांग करते है। आगे कहा कि किसान की दुर्घटना में मौत होने पर सरकार मृतक आश्रित को एक करोड़ रुपये दे। देश की आंतरिक सुरक्षा में लगे जवानों की शहादत पर उनके परिवार को दो करोड़ रुपये दिए जाए। मीडिया लोकतंत्र का चतुर्थ स्तम्भ है। मीडियाकर्मियों के घायल होने पर दो करोड़ तथा मृत्यु पर उनके परिवार को चार करोड़ रुपये दिए जाए। देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवारों को पांच करोड़ रुपये दिए जाए। क्योंकि देश के जवानों की मुस्तैदी के चलते ही हम लोग चैन की सांस ले पा रहे है। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न से लेकर फलों तक के उत्पादन में सिंचाई की आवश्यकता होती है। इसलिए किसानों की बिजली के बिल भी सरकार माफ करें। ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि यदि आगामी 11 सितंबर तक उनकी ये मांगे पूरी नही हुई तो वह गन्ना संस्थान लखनऊ में आगे के आंदोलन की घोषणा करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री कुंवर शक्ति सिंह, शामली जिलाध्यक्ष अनूप चौधरी, वैसर तोमर, रमेश प्रधान आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












