जनगणना—2027 का बजा बिगुल, 20 जून तक हर घर पहुंचेगी टीम, झांसी बना मॉडल जिला
49 हजार मकानों की स्व-गणना पूरी, उत्कृष्ट कार्य पर 19 पंचायत प्रतिनिधि सम्मानित
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही जनपद झांसी में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शुक्रवार से मकान सूचीकरण एवं मकान गणना अभियान शुरू हो गया जिसके तहत प्रगणक अब घर-घर जाकर परिवारों और मकानों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाएंगे। यह अभियान 20 जून 2026 तक चलेगा। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी संवैधानिक प्रक्रिया है और यह आने वाले वर्षों की सरकारी योजनाओं व विकास कार्यों की दिशा तय करेगी। उन्होंने लोगों से सही एवं स्पष्ट जानकारी देने की अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनकर जनगणना को सफल बनाना सभी का दायित्व है।
जनगणना विभाग के अनुसार जिले में पहले से चल रही स्व-गणना प्रक्रिया के तहत लगभग 49 हजार मकानों की सेल्फ एन्यूमरेशन कराई जा चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक विकास खंड में न्यूनतम 5 हजार मकानों की स्व-गणना का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं सचिवों ने ग्रामीणों को प्रेरित कर स्वयं मोबाइल नंबर आधारित आईडी से जानकारी फीड कराई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों एवं सचिवों को जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

