नगला खंगर क्षेत्र में मक्का के खेत से युवक का शव बरामद
अत्यधिक शराब सेवन की आशंका
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटरा में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक पिछले दो दिनों से लापता बताया जा रहा था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय विपिन कुमार कश्यप पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम कोटरा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विपिन 21 मई से घर से गायब था। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के मुताबिक युवक को आखिरी बार नगला दानी चौराहे पर देखा गया था। बताया जा रहा है कि वहां से वह करू नामक व्यक्ति के साथ गया था। बाद में संबंधित व्यक्ति ने उसे गांव के पास छोड़ने की बात कही थी लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह पापरी गांव के समीप स्थित कालीचरन के मक्का के खेत से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे। वहां सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिवार में मातम छा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार विपिन शराब पीने का आदी था और प्रतिदिन नशा करता था। ग्रामीणों ने बताया कि वह पूर्व में भी कई बार घर से अचानक चला जाता था और बाद में वापस लौट आता था। इस कारण शुरू में परिवार को किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई।सूचना मिलने पर थाना नगला खंगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत अत्यधिक शराब सेवन के कारण होना प्रतीत हो रही है। शव पर किसी प्रकार के चोट या मारपीट के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

