बैंक आफ इण्डिया एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने चलायी ‘स्वच्छ रामगढ़ ताल’ जनपहल
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का सुंदर संदेश देते हुए बैंक ऑफ इंडिया आंचलिक कार्यालय गोरखपुर द्वारा गोरखपुर विकास प्राधिकरण के विशेष सहयोग से रविवार को नौका विहार एवं रामगढ़ ताल तट पर “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल का आयोजन हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रामगढ़ ताल जैसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के लिए सांसद रवि किशन से भी विशेष प्रेरणा प्राप्त हुई। इस जनपहल के अंतर्गत नौका विहार के पैडलेगंज एंट्री प्वाइंट से पुलिस बूथ तक लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे रामगढ़ ताल तटीय क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए ताल परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से आंचलिक प्रबंधक आशीष शर्मा, उप आंचलिक प्रबंधक सुनील ढाका सहित बड़ी संख्या में बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने न केवल स्वच्छता अभियान में भाग लिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त किया। जनसामान्य में स्वच्छता के प्रति चेतना जगाने के लिए बैंक स्टाफ द्वारा जागरूकता यात्रा भी निकाली गई। साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण के विशेष सहयोग से बैंक ऑफ इंडिया द्वारा तैयार “रामगढ़ ताल स्वच्छता गीत” का प्रसारण किया गया जिसने अभियान को और अधिक प्रभावी तथा जनभावना से जोड़ने वाला स्वर प्रदान किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक, सामाजिक और मानवीय दायित्व है। रामगढ़ ताल गोरखपुर की पहचान, सौंदर्य और पर्यावरणीय धरोहर है। इसे स्वच्छ रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। जब नागरिक स्वयं आगे आते हैं तभी कोई शहर सचमुच स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनता है। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एक अत्यंत सराहनीय सामाजिक पहल की भी घोषणा की गई। बैंक के समस्त स्टाफ सदस्यों के स्वैच्छिक आर्थिक योगदान से रामगढ़ ताल परिसर में कार्यरत 30 सफाई मित्रों के लिए एनपीएस खाते खोले जाने की पहल की गई है। इसकी प्रथम किस्त के रूप में प्रत्येक सफाई मित्र के खाते में 1000 बैंक स्टाफ के सहयोग से जमा किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संबल और भविष्य की सुरक्षा से जोड़ना है।
बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल ने स्वच्छता अभियान को केवल सफाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदना और आर्थिक सुरक्षा से भी जोड़ दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर का सपना तभी साकार होगा, जब संस्थाएं, प्रशासन और नागरिक मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और जागरूक शहर बनाने का संकल्प लिया। “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल ने यह सिद्ध किया कि सामूहिक प्रयासों से न केवल पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है, बल्कि समाज के उन कर्मयोगियों को भी सम्मान दिया जा सकता है जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने में अपना अमूल्य योगदान देते हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







