पारिवारिक विवाद की आग में जली किसान की मेहनत
थाने पहुंचा पीड़ित, लगायी न्याय की गुहार

तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। कोतवाली क्षेत्र के पड़रिया तुला गांव में एक किसान की करीब 1 एकड़ परवल की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित किसान ने भीरा कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी रोहित दुबे से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार किसान बसंत मंडल ने गांव निवासी जगमोहन राठौर से खेत किराए पर लेकर परवल की खेती की थी। किसान ने कड़ी मेहनत और लाखों रुपये खर्च कर फसल तैयार की थी। फसल में फूल और फल आने लगे थे और कुछ ही दिनों में तुड़ाई शुरू होने वाली थी लेकिन अचानक लगी आग ने किसान के अरमानों को राख में बदल दिया। पीड़ित किसान का आरोप है कि खेत मालिक का परिवारिक विवाद चल रहा था जिसके चलते गुस्से में आकर खेत में आग लगा दी गई। देखते ही देखते पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित बसंत मंडल ने भीरा थाने में दो अलग-अलग तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया। किसान ने थाना प्रभारी रोहित दुबे से न्याय दिलाने की अपील करते हुए कहा कि उसकी महीनों की मेहनत और निवेश बर्बाद हो गया है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अमन कुमार सत्यार्थी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पीड़ित का कहना है कि अगर समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों का प्रशासन से भरोसा उठ जायेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA






